देवास , मार्च 02 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले के ग्राम पोलाखाल के निकट जमीन धंस कर गहरा गड्ढा होने का मामला सामने आया है।

सूत्रों के अनुसार ग्राम पोलाखाल तहसील बागली के निकट जंगल में कल देर शाम खेत की जमीन धंसने की बात सामने आई है।निवासी दीपक आर्य ने बताया कि खेत मालिक अवतार सिंह माली ने अपने खेत में गेहूं की फसल लगाई है। रविवार शाम करीब 6 बजे खेत के किनारे मुख्य सड़क से करीब एक फर्लांग दूरी पर जमीन धंसना शुरू हुई। देखते ही देखते करीब तीस फीट गहरा और करीब आठ से 10 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। गड्ढे में लगातार मिट्टी और पत्थर गिरने की आवाज सुनाई दे रही थी।

उस क्षेत्र की ज़मीन पथरीली बताई गई है। इस दृश्य को देखने को सैकड़ों की तादाद में लोग जमा हो गए। आज भी आस पास के गांव के लोगों का इस स्थान को देखने के लिए आना जाना बना हुआ है। हालांकि आज कोई जमीनी गतिविधि नहीं दर्ज हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित