भोपाल , मई 12 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले में संचालित 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोरूखेड़ी ने जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय पहल करते हुए प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत देवास अंतर्गत ग्राम पंचायत मोरूखेड़ी में जनभागीदारी से पंचायत क्षेत्र की पहाड़ी पर कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य किया गया है। लगभग एक हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 350 कंटूर ट्रेंच बनाई गई हैं, जिनके माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 13 लाख लीटर वर्षा जल का संचयन किया जा सकेगा।
इसके अलावा ग्राम पंचायत में तीन पेरकोलेशन टैंक, दो डगवेल, पांच रूफ वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं, एक बोरिंग रिचार्ज एवं दो चेक डेम का निर्माण भी किया गया है। इन संरचनाओं से लगभग सात लाख लीटर अतिरिक्त जल संचयन होने का अनुमान है।
बताया गया है कि 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत निर्मित इन संरचनाओं से वर्षा जल का संरक्षण होने के साथ भू-जल स्तर में भी वृद्धि होगी। इससे आसपास के कुएं और बोरिंग पुनर्जीवित होंगे तथा ग्रामीणों को भविष्य में पेयजल और सिंचाई संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की संभावना है। ग्राम पंचायत मोरूखेड़ी की यह पहल जल संरक्षण और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित