जयपुर , मई 02 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने पत्रकारों का आह्वान किया है कि उन्हें सत्य, साहस एवं संवेदना के साथ राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।

श्री देवनानी शनिवार को विश्व संवाद केंद्र द्वारा यहां आयोजित देवर्षि नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देवर्षि नारद भारतीय परंपरा के प्रथम आदर्श पत्रकार हैं, जिनका जीवन लोक-मंगल, सत्य और संवाद की श्रेष्ठ परंपरा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि नारद केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक सिद्धांत है। जो समाज में ज्ञान का संचार करे और सूचना को सार्थक दिशा दे, वही सच्चे अर्थों में नारद है। उन्होंने कहा कि नारदजी ने सदैव निर्भीक होकर सत्य को स्थापित किया जो आज की पत्रकारिता के लिए एक प्रेरणा है।

डॉ. देवनानी ने वर्तमान समय में सूचना के तीव्र प्रवाह का उल्लेख करते हुए कहा कि आज आवश्यकता केवल सबसे तेज होने की नहीं, बल्कि सबसे सच्चा होने की है। एक गलत सूचना समाज के विश्वास को तोड़ सकती है और विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने मीडिया से अपेक्षा व्यक्त की कि वह सकारात्मक, समाधान प्रधान और राष्ट्रहित में कार्य करने वाली पत्रकारिता को बढ़ावा दे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित