देवरिया , अगस्त 04 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बनकटा क्षेत्र में बिहार सीमा के पास पुलिस ने मंगलवार को तस्करी कर बिहार जा रही सौ बोरी यूरिया को जब्त कर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने यहां बताया कि जिले में यूरिया की अवैध तस्करी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक पिकअप समेत 100 बोरी यूरिया जब्त की है। पुलिस ने फर्म मालिक, संचालक और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बनकटा क्षेत्र के चित्रसेन गांव में बिहार सीमा के पास चेकिंग के दौरान पिकअप से 100 बोरी ग्रोमोर यूरिया और 100 किग्रा मैग्नीशियम सल्फेट बरामद हुआ। खाद को बिहार ले जाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि यह खाद जनपद खाद एवं बीज भंडार के प्रोपराइटर नीतीश यादव और संचालक मुकेश सिंह द्वारा भेजी जा रही थी। चालक बदन यादव भी शामिल था। जिलाधिकारी के आदेश पर तीनों के खिलाफ थाना श्रीरामपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित