देवरिया , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जागरूकता संगोष्ठी और नाट्य मंचन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल और सीएमओ डॉ. अनिल गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन और स्वास्थ्य कर्मियों को हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक करना तथा जांच व इलाज की नई तकनीकों की जानकारी देना था। इस अवसर पर प्राचार्या डा. पटेल ने कहा कि समय पर पहचान और उपचार से हेपेटाइटिस के गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है। उन्होंने सुरक्षित रक्त, स्वच्छ सुई-सिरिंज, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित चिकित्सा प्रक्रियाओं और टीकाकरण को बचाव के प्रमुख उपाय बताया।
सीएमओ डा.अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व हेपेटाइटिस दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का अभियान है। लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। उन्होंने समय पर जांच, टीकाकरण और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित