देवरिया , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के लार क्षेत्र में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (गोरखपुर) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरडीहा के पास की गई कार्रवाई में एक कंटेनर से 328.73 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसे बॉक्स के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत मुखिया (निवासी बिहार) और शैलेश गोड़ (निवासी देवरिया) के रूप में हुई है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह खेप असम से लाई जा रही थी। इस संबंध में लार थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित