देवरिया , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रूद्रपुर क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से घायल आरोपी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि रुद्रपुर पुलिस क्षेत्र के अवस्थी चौराहा पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी। उसे सीएचसी रुद्रपुर से मेडिकल कालेज रेफर किया गया है जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामअशीष यादव निवासी छपरा, थाना गगहा, गोरखपुर के रूप में हुई है। यह 25 अक्टूबर को सीएचसी रुद्रपुर परिसर में महिला की हत्या के मामले में वांछित था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका के परिजनों ने तीन लाख की सुपारी दी थी जिसमें से 2.5 लाख पहले मिल चुका था। 24/25 अक्टूबर की रात उसने साथी नरेश के साथ मिलकर महिला की गला घोंटकर और हथौड़े से वार कर हत्या की थी। वह बकाया 50 हजार लेने जा रहा था। फरार व्यक्ति की पहचान नरेश निवासी छपरा गगहा के रूप में हुई है जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित