देवरिया , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त टीम ने सरिया गबन कर बेचने के आरोप में एक ट्रक चालक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से ट्रक तथा सरिया बिक्री से प्राप्त 4,75,000 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में पांच फरवरी को बाबू पुरवा,कानपुर निवासी मजीद अहमद ने मईल थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि वह ट्रक मालिक है जिसका ट्रक चालक अजय सिंह तथा खलासी कयूम अंसारी एक फरवरी को पटना से सरिया लादकर हरदोई व कानपुर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन निर्धारित गंतव्य पर नहीं पहुंचे। बाद में चालक और खलासी का मोबाइल फोन भी बंद हो गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने लार क्षेत्र के कुण्डौली तिराहे के पास से उन्नाव ज जिले के दही थाना क्षेत्र स्थित ग्राम टिकरगढ़ी निवासी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ट्रक और 4,75,000 रुपये बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने खलासी कयूम अंसारी के साथ मिलकर ट्रक पर लदा करीब 25,040 किलोग्राम सरिया देवरिया-गोरखपुर मार्ग होते हुए श्रावस्ती ले जाकर 7,50,000 रुपये में बेच दिया था। प्राप्त धनराशि दोनों ने आपस में बांट ली थी। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित