देवरिया , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली में समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद समेत 14 लोगों के खिलाफ मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप में कोर्ट के आदेश मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रो ने आज यहां बताया कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई है। पीड़िता द्वारा न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार 16 अगस्त की सुबह करीब सात बजे पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद, विजय बहादुर, मुकुटमणि, रितेश उर्फ मोहन, अमन, अश्वनी उर्फ भौल्टी सहित कुल 14 लोग लाठी-डंडा आदि लेकर उनके घर पहुंचे और खिड़की के पास बनी सीढ़ी तोड़कर ईंटें ले जाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके और उनकी जेठानी के साथ घर में घुसकर मारपीट की, जिससे जेठानी बेहोश हो गई।
पीड़िता का कहना है कि पुलिस से न्याय न मिलने पर उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सलेमपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित