देवरिया, जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रविवार को जनपद में 40 लाख पौधरोपण के लक्ष्य के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बरियारपुर नगर पंचायत में पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर श्री शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड काल में एक पेड़ मां के नाम लगाने का संकल्प दिया था ताकि जन-जन की भागीदारी से प्रदेश हरियाली से आच्छादित हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 40 करोड़ और जनपद में 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में लगभग 5 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।
श्री शाही ने कहा कि वृक्षों से मिलने वाली ऑक्सीजन ही जीवन का आधार है। इसलिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर भावी पीढ़ी को सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण देना होगा। उन्होंने कहा कि फलदार वृक्षों की कमी से बच्चों में कुपोषण बढ़ रहा है। इसलिए आम, कटहल, सहजन, आंवला जैसे पौष्टिक फल देने वाले वृक्ष अधिक लगाए जाएं। इसी उद्देश्य से अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को फलदार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने हर खेत में मेड़ और हर मेड़ पर पेड़ की परंपरा को पुनर्जीवित करने पर बल देते हुए कहा कि गांव, खेत, बगीचे, मंदिर, तालाब, अमृत सरोवर एवं सड़कों के किनारे अधिक से अधिक वृक्ष लगाए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों से भी एक-एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित