देवरिया , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले में यूपी-112 में तैनात एक सिपाही पर युवती को झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में बरियारपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने आरोपी सिपाही शैलेन्द्र यादव को शनिवार शाम निलंबित कर दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गाजीपुर जिले के सुहवल थाना क्षेत्र के बावड़ा गांव निवासी सिपाही शैलेंद्र यादव आज से करीब छह वर्ष पूर्व करौंदी बाजार पुलिस चौकी पर तैनात था। आरोप है कि उसने चौकी से सटे गांव की युवती को प्रेमजाल में फंसाया और शादी का वादा कर कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसका तबादला देवरिया में ही यूपी-112 में हो गया।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो सिपाही ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने दो दिन पूर्व पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की थी, जिसकी जांच पुलिस के एक अधिकारी ने किया था। जांच के बाद शुक्रवार रात बरियारपुर थाने में आरोपी सिपाही के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगी है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने यहां बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और उसे शीघ्र गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित