देवरिया , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे पिता-पुत्र के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सतेन्द्र कुमार राय ने शनिवार को बताया कि गौरी बाजार क्षेत्र के उद्योग नगर निवासी श्रवण जायसवाल (60) रेडीमेड कपड़ों का व्यवसाय करते थे। शुक्रवार शाम वह अपने पुत्र राकेश जायसवाल (25) के साथ कपड़ों की खरीदारी के लिए मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। शुक्रवार देर रात गौरी बाजार क्षेत्र में गोरखपुर-छपरा रेलखंड पर पश्चिमी ढाले के निकट दोनों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में दोनों के किसी ट्रेन की चपेट में आने से दुर्घटना का शिकार होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल के पास से उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार में कुछ समय से घरेलू कलह चल रही थी और बाजार जाते समय किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद भी हुआ था।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित