देवरिया , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में शुक्रवार को भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) दुर्घटना एवं अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति में प्रशासन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखा गया। साथ ही नागरिकों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निकाय, लोक निर्माण, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सहित अन्य विभागों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी के मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) पंकज प्रकाश राठौड़ ने सभी विभागों को आपदा से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित