देवरिया , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के मझौली राज में 29 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर गुरुवार को गोरखपुर मंडल के आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी देवरिया की दो विधानसभाओं में चल रही विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह दोनों विधानसभाओं की जनता को संबोधित भी करेंगे।उन्होंने बताया कि जनसभा स्थल की तैयारियां जिलाधिकारी देवरिया के नेतृत्व में कराई जा रही हैं। मौके पर एसपी, डीआईजी और उनकी पूरी टीम मौजूद है। उन्होंने कहा कि हमारे पास अभी समय है और सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जायेंगी।
श्री सिंह ने बताया कि लगभग 80 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा जिनकी कुल लागत 308 करोड़ रुपये है। यह स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री के आगमन से स्थानीय लोग उन्हें सुन और देख पाएंगे, इस लिहाज से सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं। बाहर से भी फोर्स मंगाई गई है और रेंज से अतिरिक्त बल को यहां तैनात किया जा रहा है। डीआईजी ने स्वयं सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर लिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित