देवरिया , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां प्रारम्भ कर दी गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मतदान कार्मिकों का डाटा ऑनलाइन इलेक्शन पर्सनल डिप्लॉयमेंट सिस्टम (ईपीडीएस) पर तैयार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुलगी ने शनिवार को बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में सेक्टर अधिकारी, जोनल अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सहित चुनाव ड्यूटी से जुड़े अन्य कार्मिकों का विवरण ऑनलाइन संकलित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 2,781 मतदेय स्थल हैं। इन्हीं के आधार पर विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या, वेतन ग्रेड पे तथा श्रेणी का विभागवार आकलन किया जा रहा है, ताकि निर्वाचन के दौरान कार्मिकों की तैनाती सुचारु रूप से की जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों का विवरण 28 जुलाई तक जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए गूगल फॉर्म लिंक पर अनिवार्य रूप से भरवाना सुनिश्चित करें। इस प्रक्रिया में भारत सरकार एवं राज्य सरकार के सभी विभागों के अलावा बैंक, बीमा एवं इंश्योरेंस कंपनियों के शाखा प्रबंधकों को भी अपने अधीनस्थ कार्मिकों का विवरण उपलब्ध कराना होगा।
उन्होंने कहा कि डाटा भरते समय यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का विवरण छूटने न पाए। यदि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाई गई तो संबंधित कार्यालयाध्यक्ष अथवा विभागाध्यक्ष के विरुद्ध नियमानुसार सुसंगत धाराओं में कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों से समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत डाटा उपलब्ध कराने का आह्वान करते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी तैयारियों में सभी विभागों का सहयोग निष्पक्ष एवं सफल चुनाव संपन्न कराने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित