देवरिया , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बघौचघाट क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बिहार के गोपालगंज जिले के निवासी कुछ लोग बारात में शामिल होने के लिए देवरिया आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बोलेरो कार बघौचघाट क्षेत्र के हाजी मार्केट के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज, देवरिया में भर्ती कराया गया है।

मृतकों में एक की पहचान करन कुमार के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है। घायलों की पहचान गोविंदा और बोला के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित