देवरिया, जुलाई 04 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में प्लेसमेंट न होने पर आईटीआई सलेमपुर के प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोकने का निर्देश शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने दिया है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि शनिवार को कलेक्ट्रेट में आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी श्री हुलगी ने कहा कि रोजगार मेले आयोजित न किए जाने और पासआउट छात्रों को रोजगार न दिलाने पर यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ट्रेड में कम से कम 60 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाए। इसी आधार पर उनका वेतन आहरित होगा। उन्होंने 11 अगस्त को वृहद रोजगार मेले का आयोजन कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक कंपनियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिये।
बैठक में श्री हुलगी ने व्यापार एवं उद्योग बंधु की बैठकों में प्रतिभाग, उत्तीर्ण छात्रों की अप्रेंटिसशिप कार्यदायी संस्थाओं में कराने और अभ्युदय कोचिंग को यूट्यूब लाइव से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने सेवायोजन विभाग से समन्वय कर युवाओं को रोजगार दिलाने और कौशल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित