देवरिया, सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र के भुजौली कालोनी में पैसे के लेन-देन के विवाद में मंगलवार को पिता और पुत्र को चाकू मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने यहां बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के भुजौली कॉलोनी में आज अजय कुमार गुप्ता और वाहन चालक पंकज कुमार के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया।विवाद के दौरान पंकज कुमार व उसके कुछ साथियों ने अजय व उनके पिता राजेश गुप्ता पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित