देवरिया , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गुरुवार को औचक निरीक्षण के दौरान एक पेट्रोल पंप पर गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं, जिसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित पंप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया-बलिया मार्ग स्थित नयारा के पेट्रोल पंप "मां ऑटो फ्यूल, अहिलवार बुजुर्ग" का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप परिसर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे दो ड्रमों में करीब 400 लीटर डीजल भरा जाता पाया गया। जांच में सामने आया कि पंप के कर्मचारियों द्वारा बिना किसी वैध अभिलेख, नाम-पता और वाहन पंजीकरण संख्या दर्ज किए ही डीजल की आपूर्ति की जा रही थी। साथ ही उपभोक्ताओं को मशीन से निकलने वाली रसीद भी नहीं दी जा रही थी।

प्रवक्ता के अनुसार यह कृत्य उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल ऑयल कंट्रोल ऑर्डर, 1981 के प्रावधानों का उल्लंघन है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है।

प्रशासन ने दोनों ड्रमों में भरे करीब 400 लीटर डीजल समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली की सुपुर्दगी में दे दिया है। साथ ही संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं और मौके पर डीजल भरवा रहे दो व्यक्तियों को नोटिस जारी किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित