देवरिया, मई 10 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुयी सशस्त्र मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने यहां रविवार को बताया कि ये बदमाश छिनैती के आरोपी हैं। कल रात गौरी बाजार क्षेत्र के रामपुर चौराहे पर पुलिस टीम संदिग्ध लोगों तथा वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा उनका पीछा करने पर गुरुजघाट पुलिया के पास पुलिस से उनकी सशस्त्र मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश कुशीनगर जिले के जैनुद्दीन उर्फ गोगा के पैर में गोली लगी है। जिसका उपचार सरकारी अस्पताल में हो रहा है। दूसरा पकड़ा गया बदमाश हिमामुल हक है।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे,छह जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा छिनैती के कुछ जेवरात आदि को बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश कई छिनैती के मामलों में आरोपी हैं। पुलिस गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित