देवरिया , अगस्त 01 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के खुखुन्दू क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने शनिवार को यहां बताया कि पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, 2 मोबाइल फोन, 1 चोरी की मोटरसाइकिल और 4 दिन पहले एक महिला से छीनी गई सोने की माला बरामद की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि 29 जुलाई को क्षेत्र के ग्राम तिलौली उर्फ डेहरी में एक महिला से मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए बदमाश बहादुरपुर गांव से पड़री बाजार की तरफ जा रहे हैं।
उन्होने बताया कि पुलिस टीम ने क्षेत्र के महेई पांडेय गांव के बाहर स्थित पुल और पार्क के पास वाहन चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर बदमाश घबरा गए और बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान वे फिसल कर गिर गए। अपने आपको घिरा देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी।
श्री सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में कलीम शाह पुत्र नईमुल्लाह शाह निवासी मोहन मुंडेरा, थाना रामपुर कारखाना के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा बदमाश मुसाफिर शाह पुत्र हसनैन शाह निवासी मोहन मुंडेरा को पुलिस टीम ने दौड़ा कर पकड़ लिया।घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित