देवरिया , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बनकटा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर चार गोवंशीय पशु बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार सूचना के आधार पर बनकटा-अमेठिया मार्ग पर ऐंठी के समीप एक पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से चार गोवंशीय पशु बरामद हुए। इस दौरान अरविंद पासवान, अफरोज आलम और छोटे अली उर्फ कमरे आलम को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी बिहार राज्य के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में छोटे अली उर्फ कमरे आलम ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस बल पर देशी तमंचे से फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित