देवरिया , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में आईजीआरएस प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण और लापरवाही बरतने के आरोप में मंगलवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि जिलाधिकारी ने आईजीआरएस प्रकरणों की नियमित समीक्षा और फीडबैक के दौरान शिकायतकर्ताओं की असंतुष्टि तथा निस्तारण में खामियां पाए जाने पर यह कार्रवाई की है। नोटिस पाने वाले अधिकारियों में खंड विकास अधिकारी पथरदेवा, खंड विकास अधिकारी भलुअनी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सलेमपुर, सहायक विकास अधिकारी पंचायत भाटपाररानी और सहायक विकास अधिकारी पंचायत बरहज शामिल हैं।

श्री हुलगी ने कहा कि संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आईजीआरएस प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित