देवरिया , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच गोवंशीय पशुओं को बरामद कर दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि बरहज थाना पुलिस ने 16 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर विशुनपुर देवार नदी के किनारे छापेमारी कर दो गाय, दो बछिया और एक सांड बरामद किए। मौके से कपरवार घाट निवासी रमाकांत पुत्र मंगरू को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में रमाकांत ने पुलिस को बताया कि वह गुड्डू उर्फ रमेश यादव, प्रमोद गौंड और सुकई साहनी के साथ मिलकर बरसात के दौरान सरयू नदी पर पीपा पुल हटने के बाद नाव के माध्यम से गोवंशों को बिहार ले जाकर वध के लिए भेजते थे। उसके अनुसार दिन में गोवंशों को एकत्र किया जाता था और रात में उनकी तस्करी की जाती थी।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान शुक्रवार को बेलडाड़ मोड़ के पास से मुकदमे में वांछित सुकई साहनी पुत्र बसंत साहनी, निवासी पूर्वी पटेल नगर, को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मु.अ.सं. 259/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गो-हत्या निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य दो आरोपी गुड्डू उर्फ रमेश यादव और प्रमोद गौंड की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित