देवरिया , सितंबर 08 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बरहज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मंगलवार को निरीक्षण के दौरान दस स्वास्थ्य कर्मियों के अनुपस्थित मिलने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया हैं।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री हुलगी ने दवा-इलाज, ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसव कक्ष, दवा स्टॉक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, एमसीपी कार्ड और मरीज पंजीकरण रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सभी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए और इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाये।

उन्होंने प्रसव केंद्र का भी निरीक्षण किया और स्टाफ नर्स व संबंधित कर्मियों को सुचारू रूप से डिलीवरी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान 10 स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उनके एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित