देवरिया , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की सलेमपुर तहसील में तैनात एक लेखपाल को रिश्वत लेने और न्यायालय के आदेश का अनुपालन न करने के आरोप सिद्ध होने पर शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सलेमपुर तहसील क्षेत्र के लेखपाल रजनीश मिश्रा के विरुद्ध ग्राम सोनवर्षा निवासी प्रकाश यादव ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लेखपाल ने कार्य कराने के नाम पर धनराशि ली, लेकिन कार्य नहीं किया और बाद में अतिरिक्त धन की मांग भी की। शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में एक वीडियो क्लिप भी जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई थी।

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच मुख्य राजस्व अधिकारी से कराई। जांच में लेखपाल रजनीश मिश्रा न्यायालय के आदेश का स्थलीय अनुपालन कराने में विफल पाए गए तथा उनसे अवैध धनराशि लेने की पुष्टि भी हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सलेमपुर ने लेखपाल रजनीश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रजिस्ट्रार कानूनगो (भूलेख) कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

प्रशासन ने मामले की विभागीय जांच के लिए तहसीलदार सलेमपुर को जांच अधिकारी नामित किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित