देवरिया , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में दो अधिवक्ताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया।

कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा ने यहां बताया कि अधिवक्ता राजेश मणि और पुरेन्द्र नाथ तिवारी के खिलाफ असामाजिक तत्वों द्वारा सदर कोतवाली में दिनांक 20 सितंबर को बिना जांच-पड़ताल के मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता राजेश मणि के नाम से गाटा संख्या 2715 में शुगर मिल के पास भूमि है और वे अपनी जमीन की सफाई करा रहे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष द्वारा झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने बिना जांच-पड़ताल के दोनों अधिवक्ताओं के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया।

श्री मिश्रा ने बताया कि आज अधिवक्ता इसके विरोध में कार्य बहिष्कार कर नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी के चेम्बर में पहुंचे और विरोध जताया। मौके की नजाकत को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर को अपने चेम्बर में बुलाकर अधिवक्ताओं से वार्ता कराई।

कलेक्ट्रेट बार अध्यक्ष के मुताबिक पुलिस अधीक्षक ने अधिवक्ताओं की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज करने तथा अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि अधिवक्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया जाता है तो अधिवक्ता इसकी लड़ाई जोरदार तरीके से लड़ेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में दिवानी अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा सहित तमाम वकील थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित