देवरिया, सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया की सदर कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मंगलवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने यहां बताया कि पुलिस ने एक सूचना के आधार पर क्षेत्र के धनौती तिराहे के पास से दिव्यांशु यादव (20) को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल 2026 को वादिनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बड़हरा चौराहे के पास दो बाइकों पर सवार अज्ञात व्यक्तियों ने उसे व उसके देवर को रोककर मारपीट, छेड़खानी व दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में सदर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 0240/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच अन्य आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित