देवरिया, अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को भवन निर्माण के दौरान एक पुरानी दीवार गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गयी तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में हो रहा है।
सदर कोतवाली के प्रभारी ने बताया कि आज पूर्वाहन 11 बजे निर्माणाधीन भवन में पुरानी दीवार गिरने से पांच श्रमिक मलबे में दब गये।इस हादसे में योगेन्द्र(55) तथा गोविंद(25) की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि गम्भीर रूप से घायल तीन श्रमिकों राम दयाल(50),हरिहर(51) और शारदा(55) को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। मृतक श्रमिकों के शवों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पहुंची संयुक्त मजिस्ट्रेट सुत्री शर्मा ने बताया कि प्रशासन पूरे मामले का जांच कर रहा है। जेसीबी बुलाकर मलबा हटाया गया और सावधानी के साथ तलाशी अभियान चलाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित