देवरिया , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के महुआडीह क्षेत्र में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण का मामला सामने आने पर सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल निवासी आयुष सिंह बाइक से बलटिकरा चौराहे पर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह एक मॉल के समीप पहुंचा था, तभी एक कार सवारों ने पिस्टल दिखाकर उसे जबरन कार में खींच लिये और देवरिया की तरफ लेकर चले गए। घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 और महुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि युवक के अपहरण की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। रुपये के लेनदेन समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित