देवरिया, अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान तेज धूप और गर्मी के कारण करीब 35 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद 31 को डिस्चार्ज कर दिया गया।
तिरंगा यात्रा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जीआईसी सहित अन्य स्कूलों के हजारों हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। रास्ते में तेज धूप और उमस के कारण कुछ छात्राओं को चक्कर आने लगा और स्टेडियम पहुंचते ही कई की हालत और बिगड़ गई। छात्राओं को एम्बुलेंस के जरिये मेडिकल कॉलेज भेजा गया और वहां पर बीमार छात्राओं का उपचार किया गया।
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी और मुख्य विकास अधिकारी(सीडीओ) राजेश सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती छात्राओं का हाल जाना। प्रशासन ने सभी स्कूलों को गर्मी को देखते हुए जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।
मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक(सीएमएस) डा.एच के मिश्रा ने यहां " यूनीवार्ता" को बताया कि तेज धूप और गर्मी से बीमार 35 छात्राओं मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन कक्ष में लाया गया था। डाक्टरों के उपचार के बाद 31 छात्राओं को स्वस्थ होने के बाद मेडिकल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। जबकि चार छात्राओं का यहां उपचार चल रहा है।भर्ती छात्राओं की स्थिति सामान्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित