देवरिया , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र में मंगलवार मध्य रात्रि को एक झोपड़ी में आग लगने से एक परिवार की तीन सदस्यों की जलकर मौत हो गई जबकि विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई।

पुलि सूत्रों ने बुधवार को बताया कि नोनापार गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद (32) अपनी पत्नी लीला, तीन वर्षीय बेटी शनि और भाई बालकिशन के साथ झोपड़ी में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता आग ने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में जितेंद्र प्रसाद, उनकी बेटी शनि और भाई बालकिशन की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। जबकि पत्नी लीला गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। घायल लीला को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में भर्ती कराया गया है,जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित