देवरिया , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में पुलिस ने झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, मंगलसूत्र और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सनकोटिया माता मंदिर के पास से अजय निषाद और सूरज पासवान, दोनों निवासी गोरखपुर जिले, को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को एक महिला ने रुद्रपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ई-रिक्शा से जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। मामले में बीएनएस की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने रुद्रपुर क्षेत्र में झपटमारी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक टूटा हुआ मंगलसूत्र, एक लॉकेट, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 317(2), 341(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की भी बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित