देवरिया , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बिहार सीमा पर स्थित बनकटा क्षेत्र के पांच विद्यालयों का जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया और पठन पाठन का जायजा लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि श्री हुलगी ने विकासखंड बनकटा के 5 विद्यालयों और एक आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। शिथिल पर्यवेक्षण पाए जाने पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी बनकटा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिया है।
विद्यालय निरीक्षण में अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित मिले लेकिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने छात्र उपस्थिति बढ़ाने के विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति प्रणाली का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर शैक्षणिक दक्षता का आंकलन भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा है कि पठन-पाठन की गुणवत्ता में शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण कर कमियां तत्काल दूर कराने के निर्देश दिये और कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित