देवरिया , अगस्त 7 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में शुक्रवार को औषधि विभाग ने तीन मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर चार संदिग्ध औषधियों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि औषधि निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह ने लार क्षेत्र में ओम मेडिकल एजेंसी, शर्मा मेडिकल हॉल तथा दानिश मेडिकल स्टोर, चुनकी मोड़ लार का निरीक्षण किया।ओम मेडिकल एजेंसी से 2 संदिग्ध औषधियों तथा शर्मा मेडिकल हॉल से 2 संदिग्ध औषधियों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को राजकीय औषधि विश्लेषक प्रयोगशाला को जांच हेतु भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान ओम मेडिकल एजेंसी पर कम तापमान पर भंडारित की जाने वाली औषधियों के लिए फ्रिज उपलब्ध नहीं पाया गया। पशु चिकित्सा की औषधियों को पृथक भंडारण हेतु लेबल भी नहीं लगा था। प्रोपराइटर को मेडिकल स्टोर में भंडारित 8 औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।शर्मा मेडिकल हॉल और दानिश मेडिकल स्टोर पर दवाओं का विक्रय बिल जारी नहीं किया जा रहा था। दानिश मेडिकल स्टोर पर शिड्यूल एच-1 की औषधियों की बिक्री के लिए कोई रजिस्टर भी नहीं रखा गया था।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी। निरीक्षण आख्या अग्रिम कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त औषधि, गोरखपुर मंडल को प्रेषित कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित