देवरिया , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में दो युवकों को चोर होने के शक में पेड़ से बांधकर पीटने के आरोप में पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने सोमवार को बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के बभनी गांव के दो युवकों को 12/13 अप्रैल की रात पड़ोसी गांव में पेड़ से बांधकर पीटा गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि गांव में भीमराव आंबेडकर जयंती के लिए सजावट का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक सजावट के लिए बांस की टहनियां काटने पास के गांव गए थे। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें चोर समझ लिया और दो युवकों को पकड़कर पेड़ से बांध दिया तथा उनकी पिटाई की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर कुछ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित