देवरिया , अगस्त 07 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में शुक्रवार तड़के भाटपार रानी और लार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गो-तस्करी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश अजहर अंसारी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने बताया कि भाटपार रानी पुलिस चुनकी मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर वाहन रोकने के बजाय भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।

उन्होंने बताया कि पीछा करने के दौरान लार क्षेत्र के खरवनिया मोड़ के पास आरोपी बाइक से गिर गया। पुलिस टीम ने जब उसकी घेराबंदी की तो उसने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजहर अंसारी पुत्र अहमद अंसारी, निवासी मटियारा जगदीश, थाना लार, के बाएं पैर में गोली लग गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास तथा गो-तस्करी से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित