देवरिया , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने मंगलवार को बजाज हिन्दुस्तान शुगर मिल लिमिटेड, प्रतापपुर के गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा करते हुये गन्ना मूल्य भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
समीक्षा के दौरान मिल के अध्याशी नवीन कुमार ने लिखित रूप से अवगत कराया कि समूह की उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कुल 14 चीनी मिलें संचालित हैं। इन मिलों से भुगतान के बाद प्राप्त होने वाली धनराशि से प्रतापपुर इकाई के अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने मिल अध्याशी को आवश्यक धनराशि की व्यवस्था कर अवशेष गन्ना मूल्य का यथाशीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
श्री हुलगी ने कहा कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है।इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। चीनी की कालाबाजारी एवं निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं डिप्टी आरएमओ द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे बाजार में चीनी के दामों में कमी आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित