देवरिया , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में बुधवार को कूड़े के ढेर में लगी आग की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोग झुलस गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि आदर्श चौराहे के पास नगर पंचायत द्वारा नियमित रूप से कस्बे का कूड़ा रुद्रपुर-पिडरा मार्ग किनारे गड्ढों में डाला जाता है। बुधवार को अज्ञात कारणों से कूड़े के ढेर में आग लग गई, जिससे इलाके में घना धुआं फैल गया। इसी दौरान खुखुंदू क्षेत्र के शेरवा बभनौली निवासी अजय कुमार, उनके पिता हरिलाल और सरिता देवी एक मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहे थे। अत्यधिक धुएं के कारण बाइक असंतुलित होकर गिर गई और तीनों लोग आग की चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित