देवरिया , अप्रैल 10 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान से आहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया में उनका पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी की है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए "खड़गे का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान" जैसे नारे लगाए और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस मौके पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संबंधित बयान की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित