देवरिया , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की पथरदेवा नगर पंचायत में करीब चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर पर कब्जे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि अधिशासी अधिकारी (ईओ) हिमांशु प्रताप सिंह के अपहरण की कोशिश और मारपीट तक की नौबत आ गई। इस मामले में तरकुलवा पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि आठ अक्टूबर की रात पथरदेवा चौराहे पर ठेकेदार धीरज सिंह और उसके साथियों ने ईओ हिमांशु प्रताप सिंह को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गए।

अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने धीरज सिंह, करुणेश, विकास, निलेश शुक्ला और विवेक दुबे समेत पांच नामजद और 12 अज्ञात कुल 17 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 352, 115(2), 190, 110 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित