देवरिया , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस दौरान जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सुबह से ही मुस्लिम समुदाय में ईद को लेकर उत्साह देखा गया। जिले की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने सुबह लगभग साढ़े आठ बजे से नमाज अदा की। नमाज से पूर्व लोगों ने फितरा अदा कर जरूरतमंदों की मदद की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल तथा पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने मालवीय रोड स्थित ईदगाह, जामा मस्जिद सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित