देवरिया , अगस्त 26 -- ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस को शांतिपूर्ण,सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को देवरिया पुलिस ने जिले भर में व्यापक सुरक्षा प्रबंध कियें हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने यहां बताया कि वाराफात जुलूस के दृष्टिगत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों, जुलूस के परंपरागत मार्गों, प्रमुख चौराहों, मस्जिदों, बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है। इन सभी स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

यातायात पुलिस द्वारा भीड़ और जुलूस के मार्ग को देखते हुए आवश्यक यातायात प्रबंधन किया जा रहा है ताकि आमजन को आवागमन में अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवायें बाधित न हों। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली किसी भी पोस्ट या संदेश पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित