देवरिया, जून 30 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली(आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर मंगलवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि जिलाधिकारी श्री हुलगी ने आज आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पाया कि संबंधित अधिकारियों ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक निस्तारण नहीं किया था। इसके अतिरिक्त, शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों का भी समुचित अनुपालन नहीं किया गया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होने बताया कि जिन अधिकारियों को नोटिस जारी की गई है। उनमें गौरीबाजार के खंड विकास अधिकारी, देवरिया नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, सलेमपुर के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सदर के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तथा बनकटा के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित