देवरिया, जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रूद्रपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पिड़हनी में बुधवार को अधिकारियों की मौजूदगी में आईजीआरएस निस्तारण के दौरान हुई कहासुनी और धक्का लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रूद्रपुर सतेन्द्र राय ने यहां बताया कि कल ग्राम पिड़हनी में आईजीआरएस निस्तारण हेतु उपजिलाधिकारी रूद्रपुर अवधेश निगम की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बात चल रही थी। इस दौरान प्रथम पक्ष के बैजनाथ यादव, भृगुनाथ यादव, राहुल यादव तथा द्वितीय पक्ष के सर्वजीत यादव व अन्य ग्रामवासी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि वार्ता के दौरान अचानक प्रथम पक्ष द्वारा सर्वजीत यादव को धक्का दे दिया गया। धक्का लगने से वह गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले गये। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

श्री राय ने बताया कि योगेन्द्र यादव की तहरीर पर थाना रूद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करते हुये साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित