देवरिया , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के महुआडीह क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुये दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से दो कुंतल पटाखा-बारूद बरामद किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने कसया-गोरखपुर रोड पर टोल प्लाजा के पास एक मकान में छापा मारा, जहां अवैध रूप से पटाखा बनाया जा रहा था। मौके से करीब दो कुंतल निर्मित व अर्धनिर्मित पटाखा, लगभग तीन किलो बारूद, बत्ती, दो बोरा कागज तथा पटाखा बनाने के अन्य सामान बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि मौके से हसनैन खान और अरमान खान को हिरासत में लिया गया है। दोनों थाना रामपुर कारखाना के नौतन हथियागढ़ के रहने वाले हैं। दोनों से पूछताछ कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित