देवरिया , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में रविवार को अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने किया।
आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह का जनपद स्तर पर भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण के उपरांत जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री तिवारी, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक अतिथियों द्वारा वितरित किए गए। इस अवसर पर श्री तिवारी ने अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी समर्पण भाव से कार्य करने की अपेक्षा की। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने अनुदेशकों से पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने की अपेक्षा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित