देवरिया , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में बिना प्रशासनिक अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर गुरुवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार लबकनी गांव में सरकारी भूमि पर मंगलवार रात कुछ लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। बुधवार सुबह मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर रुद्रपुर के उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया।

प्रतिमा हटाए जाने की आशंका के बीच बुधवार देर रात तक बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिमा स्थल पर डटी रहीं। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए गांव में निगरानी बढ़ा दी थी। इसके बावजूद गुरुवार को प्रतिमा हटाने की चर्चा के बीच दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित कर लिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि प्रतिमा स्थापित किए जाने और उसे हटाने के मुद्दे पर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। फिलहाल गांव में शांति है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

उन्होंने बताया कि पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित