देवरिया, फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह के प्रकरण में गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सोमवार की देर शाम बेसिक शिक्षा अधिकारी के निलंबन के लिए संस्तुति शासन को भेज दिया है।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि शिक्षक के आत्महत्या के मामले में जिलाधिकारी श्रीमती मित्तल के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी(सीडीओ)राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में, उप जिलाधिकारी सदर एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को सदस्य नामित करते हुए एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति द्वारा प्रकरण की विस्तृत जांच कर अपनी आख्या जिलाधिकारी को प्रस्तुत की गई।

उन्होने बताया कि जांच आख्या में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के बावजूद लगभग एक वर्ष तक बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव द्वारा प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। जांच में यह भी उल्लेखित किया गया कि आदेश के अनुपालन में विलंब एवं उदासीनता के कारण परिस्थितियाँ प्रतिकूल बनीं, जिससे यह अप्रिय घटना घटित हुई।प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी द्वारा बेसिक शिक्षा अधिकारी के निलंबन एवं विभागीय कार्यवाही हेतु शासन को संस्तुति प्रेषित की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित