देवरिया , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने 192 ग्राम पंचायतों को क्षय रोग मुक्त घोषित करते हुए सम्बन्धित ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र और गांधी प्रतिमा देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती मित्तल ने कहा कि क्षय (टीबी) रोग के उन्मूलन हेतु समय से जांच, पूर्ण उपचार एवं व्यापक जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने में ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि "मरीज से नहीं, मर्ज से दूरी बनाएं" का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। शासन द्वारा संचालित निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, सक्रिय रोगी खोज अभियान, नियमित जांच, उपचार एवं काउंसिलिंग के माध्यम से जनपद को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित